चूरू में नगर निकाय चुनाव 2026: कलेक्टर सुराणा ने की मतदान की अपील

चूरू। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिलेवासियों से नगर निकाय आम चुनाव 2026 में आवश्यक रूप से मतदान करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चूरू जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान होगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।

9 और 11 सितंबर को होगा मतदान

चूरू जिले में नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में नगरपरिषद सुजानगढ़ और चूरू तथा नगरपालिका राजगढ़, रतननगर और छापर में वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा।

वहीं दूसरे चरण में नगरपरिषद सरदारशहर तथा नगरपालिका तारानगर, साहवा, रतनगढ़, राजलदेसर और बीदासर में वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।

मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

14 सितंबर को होगी मतगणना

सभी नगर निकाय मुख्यालयों पर 14 सितंबर 2026 को मतगणना की जाएगी।

मतदान केंद्रों पर मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

कलेक्टर ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, रैंप और व्हीलचेयर जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान दिवस पर निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचें और आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ लेकर जाएं। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदान करें।

बिना भय और दबाव के करें मतदान

अभिषेक सुराणा ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है।

उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव, प्रलोभन या भेदभाव के अपने विवेक के आधार पर मतदान करने का आग्रह किया।

युवा और पहली बार मतदान करने वालों से विशेष अपील

कलेक्टर ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मतदान जितना अधिक होगा, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही अधिक सशक्त होगी।

‘मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना से करें मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से ‘मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ नगर निकाय चुनाव में आवश्यक रूप से मतदान करने का आह्वान किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...