चूरू में पंचायत चुनाव आरक्षण लॉटरी अब 23 सितंबर को
चूरू, पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया अब 23 सितंबर 2026 को होगी। यह कार्रवाई सुबह 10 बजे जिला परिषद सभागार, चूरू में आयोजित की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि आम चुनाव-2026 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के आरक्षण हेतु लॉटरी निकाली जाएगी।
जिला परिषद और पंचायत समितियों के पद शामिल
लॉटरी के दौरान जिला परिषद चूरू के वार्ड सदस्यों के एकल निर्वाचन क्षेत्रों, जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान पदों तथा पंचायत समिति वार्डों के लिए आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन किया जाएगा।
इन पंचायत समितियों के वार्डों का होगा आरक्षण
आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्रवाई में सिद्धमुख, राजगढ़, चांदगोठी, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), सरदारशहर, सरदारशहर पूर्व, भानीपुरा, चूरू, चूरू उत्तर, रतनगढ़, सुजानगढ़ और बीदासर पंचायत समितियों के वार्ड शामिल होंगे।
तारानगर पूर्व एवं तारानगर पश्चिम (भालेरी) का मुख्यालय तारानगर तथा चूरू उत्तर पंचायत समिति का मुख्यालय चूरू बताया गया है।
अधिकारियों को दिए निर्देश
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को जिला परिषद सभागार में आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्रवाई की जाएगी।






