चूरू में आज पंचायती राज चुनाव के लिए आरक्षण की लॉटरी
चूरू, पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्यवाही आज बुधवार को की जाएगी। इसके लिए सुबह 10 बजे जिला परिषद चूरू के सभागार में लॉटरी प्रक्रिया आयोजित होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि जिला परिषद के वार्ड सदस्यों (एकल निर्वाचन क्षेत्रों) तथा पंचायत समितियों के सदस्यों एवं प्रधान पदों के आरक्षण निर्धारण के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी।
जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्डों का होगा आरक्षण
लॉटरी के दौरान जिला परिषद चूरू के सभी सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों, जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान पदों तथा निर्धारित पंचायत समितियों के वार्डों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्यवाही होगी।
इनमें सिद्धमुख, राजगढ़, चांदगोठी, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), सरदारशहर, सरदारशहर पूर्व, भानीपुरा, चूरू, चूरू उत्तर, रतनगढ़, सुजानगढ़ और बीदासर पंचायत समितियों के वार्ड शामिल हैं।
कल ग्राम पंचायतों के सरपंच-वार्ड पंचों की लॉटरी
इसी क्रम में 24 सितंबर 2026 को संबंधित उपखंड अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपादित की जाएगी।






