चूरू में प्लॉट विवाद पर बवाल, पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष
चूरू। सदर थाना क्षेत्र के अग्रसेन नगर में प्लॉट को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को उस समय बढ़ गया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद दोनों युवक एक-दूसरे से भिड़ने पर उतारू हो गए।
मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी दोनों एक-दूसरे को धमकाते हुए झगड़ा करने लगे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
अभय कमांड सेंटर से मिली झगड़े की सूचना
सदर थाना पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान अभय कमांड सेंटर से वार्ड संख्या 22 के अग्रसेन नगर में झगड़े की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां प्लॉट विवाद को लेकर काफी लोग एकत्रित थे।
समझाने के बाद भी नहीं माने
मौके पर मोहम्मद जुबैर, निवासी अग्रसेन नगर और जाहिद अली, निवासी घांघू तेज आवाज में एक-दूसरे से झगड़ रहे थे।
पुलिस ने दोनों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद दोनों अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और मारपीट पर उतारू हो गए।
पुलिस के अनुसार, दोनों के रवैये से मौके पर शांति भंग होने और स्थिति बिगड़ने की आशंका थी।
दोनों युवकों को किया गिरफ्तार
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोहम्मद जुबैर और जाहिद अली को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की।
इसके बाद दोनों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां दोनों को पाबंद करने की कार्रवाई की गई।
प्लॉट विवाद में बढ़ा तनाव
पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रारंभिक तौर पर मामला प्लॉट विवाद से जुड़ा बताया गया है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।






