चूरू में 11 साल के मासूम पर सूअर का हमला, सिर और हाथ में गंभीर चोट
चूरू। शहर में घर के पास खेल रहे एक 11 वर्षीय बच्चे पर सूअर के हमले का मामला सामने आया है। घटना अग्रसेन नगर रेलवे फाटक के पास की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार वे रेलवे फाटक के पास बनी झुग्गी में रहते हैं। घटना के समय 11 वर्षीय मासूम झुग्गी के पास ही खेल रहा था।
इसी दौरान अचानक एक सूअर ने बच्चे पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर बाहर आए परिजन, सूअर बच्चे को नोच रहा था
परिजनों ने बताया कि बच्चे पर सूअर के हमला करने के बाद शोर-शराबा सुनकर वे बाहर आए।
बाहर आकर देखा तो सूअर बच्चे को नोच रहा था। परिजनों ने किसी तरह बच्चे को सूअर से बचाया।
समय रहते परिजनों के मौके पर पहुंचने से बड़ी अनहोनी टल गई। परिजनों का कहना है कि यदि वे समय पर नहीं पहुंचते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
सिर और हाथ पर गंभीर चोटें
सूअर के हमले में बच्चे के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल अवस्था में परिजन बच्चे को तत्काल राजकीय भरतिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसे आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ बच्चे का इलाज कर रहे हैं।
आवारा सूअरों से लोगों में चिंता
घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भी चिंता है। रिहायशी क्षेत्र में इस तरह के हमले से बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में घूमने वाले आवारा जानवरों की समस्या पर संबंधित प्रशासन को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।






