चूरू के सदर थाना क्षेत्र में NH-52 पर होटल झंकार से आगे जोहड़ के पास एक 35 वर्षीय बाइक सवार घायल हालत में सड़क पर मिला। सूचना मिलने पर एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस से डीबी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। घायल की पहचान सिरसला निवासी कुंदन के रूप में हुई है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार घायल काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा और हाईवे से वाहन गुजरते रहे। बाद में किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना एनएचएआई को दी, जिसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सिर में गंभीर चोट, अचेत हालत में है युवक
एनएचएआई कर्मचारियों ने घायल बाइक सवार को एंबुलेंस के जरिए डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। वहां डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने उसका उपचार शुरू किया।
हादसे के बाद दो-तीन युवक अस्पताल पहुंचे और घायल की पहचान सिरसला निवासी 35 वर्षीय कुंदन के रूप में की। घायल के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है और वह फिलहाल अचेत हालत में है।
हादसा कैसे हुआ, अभी स्पष्ट नहीं
घटना में बाइक सवार घायल कैसे हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कुंदन कहां जा रहा था और कहां से आ रहा था।
फिलहाल घायल का डीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इमरजेंसी वार्ड के स्टाफ की ओर से हादसे की सूचना अस्पताल चौकी को भी भेजी गई है। घटना को लेकर आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।






