चूरू। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले की 11 नगरीय निकायों के वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है।
शनिवार को जिले में 447 अभ्यर्थियों ने 509 नामांकन पत्र दाखिल किए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) अर्पिता सोनी ने बताया कि अलग-अलग नगरीय निकायों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया।
रतनगढ़ में सबसे ज्यादा 106 नामांकन
शनिवार को रतनगढ़ नगरपालिका में सबसे ज्यादा नामांकन देखने को मिले। यहां 84 अभ्यर्थियों ने 106 नामांकन पत्र दाखिल किए।
इसके बाद सुजानगढ़ में 85 अभ्यर्थियों ने 96, राजगढ़ में 75 अभ्यर्थियों ने 86 और सरदारशहर में 50 अभ्यर्थियों ने 50 नामांकन पत्र दाखिल किए।
वहीं चूरू नगर परिषद में 46 अभ्यर्थियों ने 48 नामांकन पत्र जमा किए।
शनिवार को निकायवार नामांकन
- चूरू नगर परिषद: 46 अभ्यर्थी, 48 नामांकन
- सुजानगढ़: 85 अभ्यर्थी, 96 नामांकन
- सरदारशहर: 50 अभ्यर्थी, 50 नामांकन
- बीदासर: 29 अभ्यर्थी, 33 नामांकन
- तारानगर: 9 अभ्यर्थी, 10 नामांकन
- साहवा: 1 अभ्यर्थी, 1 नामांकन
- रतननगर: 1 अभ्यर्थी, 1 नामांकन
- रतनगढ़: 84 अभ्यर्थी, 106 नामांकन
- राजलदेसर: 38 अभ्यर्थी, 49 नामांकन
- राजगढ़: 75 अभ्यर्थी, 86 नामांकन
- छापर: 29 अभ्यर्थी, 29 नामांकन
अब तक 474 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए 539 पर्चे
एडीएम अर्पिता सोनी ने बताया कि चूरू जिले की 11 नगरीय निकायों के कुल 430 वार्डों के लिए अब तक 474 अभ्यर्थियों ने कुल 539 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
अब तक निकायवार स्थिति—
- बीदासर: 34 अभ्यर्थी, 39 नामांकन
- तारानगर: 9 अभ्यर्थी, 10 नामांकन
- साहवा: 1 अभ्यर्थी, 1 नामांकन
- रतननगर: 1 अभ्यर्थी, 1 नामांकन
- रतनगढ़: 91 अभ्यर्थी, 115 नामांकन
- राजलदेसर: 39 अभ्यर्थी, 50 नामांकन
- राजगढ़: 82 अभ्यर्थी, 93 नामांकन
- छापर: 30 अभ्यर्थी, 30 नामांकन
- चूरू नगर परिषद: 50 अभ्यर्थी, 52 नामांकन
- सुजानगढ़: 87 अभ्यर्थी, 98 नामांकन
- सरदारशहर: 50 अभ्यर्थी, 50 नामांकन
रविवार को अवकाश, 31 अगस्त को आखिरी मौका
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। रविवार, 30 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं किए जाएंगे।
इसलिए अब अभ्यर्थियों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए 31 अगस्त का अंतिम अवसर रहेगा।
इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी और 4 सितंबर को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
9 और 11 सितंबर को होगा मतदान
नगर निकाय चुनाव में जिले के निकायों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर और द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को कराया जाएगा।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।
नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ अब राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय दावेदारों की तस्वीर भी साफ होने लगेगी।






