चूरू में पंचायती राज चुनाव की आरक्षण लॉटरी स्थगित
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत चूरू जिले में 17 सितंबर 2026 को प्रस्तावित आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।
जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र, प्रधान और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया की जानी थी, जिसे अब आगामी आदेशों तक रोक दिया गया है।
लॉटरी की तारीख बदलने का अनुरोध
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की ओर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान को लॉटरी की तारीख परिवर्तित किए जाने के संबंध में अनुरोध किया गया है।
इसी के चलते जिला स्तर पर आरक्षण निर्धारण और लॉटरी की कार्यवाही आगामी आदेशों तक स्थगित की गई है।
अब आगामी आदेश का इंतजार
आरक्षण लॉटरी स्थगित होने के बाद जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र, पंचायत समिति सदस्य और प्रधान पदों के लिए श्रेणीवार आरक्षण की तस्वीर फिलहाल सामने नहीं आएगी।
अब संबंधित विभाग की ओर से नई तारीख या आगामी आदेश जारी किए जाने के बाद ही आरक्षण निर्धारण एवं लॉटरी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।






