चूरू। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं व उनमें होने वाली मौतों में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चूरू और राजगढ़ पुलिस व यातायात टीम ने सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस ने एक सप्ताह के दौरान अनधिकृत रूप से गाटर लगे, काली फिल्म चढ़े और बिना नंबर प्लेट के चल रहे कुल 69 वाहनों को सीज किया।
गाटर, बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म वाले वाहन सीज
चूरू पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि राज्य सरकार की सड़क सुरक्षा कार्ययोजना के तहत वर्ष 2030 तक सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि आपराधिक तत्व कई बार वाहनों में अनधिकृत बदलाव कर वारदातों को अंजाम देते हैं। ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन श्रेणियों में वाहनों पर कार्रवाई की:
- 38 वाहन: अनधिकृत गाटर लगे हुए।
- 21 वाहन: बिना नंबर प्लेट के।
- 10 वाहन: काली फिल्म लगे हुए।
इस तरह कुल 69 वाहनों को सीज किया गया।
मौके पर हटवाए गाटर और काली फिल्म
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण और सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजित पाटील के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान वाहनों से अवैध गाटर और काली फिल्में मौके पर ही हटवाई गईं। वहीं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर तत्काल नंबर दर्ज करवाए गए।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी तरह का अनधिकृत बदलाव नहीं करें। वाहन पर काली फिल्म और गाटर लगाने से बचें तथा यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।
पुलिस के अनुसार, नियमों की पालना से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल सकती है।
