चूरू। जिले की राजगढ़ तहसील के भाकरा गांव में मंगलवार दोपहर खेत में काम करते समय थ्रेसर की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला के एक हाथ का पंजा कट गया।
घटना के बाद परिजन महिला को तुरंत निजी वाहन से चूरू के डीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने उसका उपचार शुरू किया।
फसल कटाई के दौरान हुआ हादसा
गांव के प्रेमसिंह के अनुसार 60 वर्षीय सरोज खेत में फसल की कटाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका हाथ थ्रेसर मशीन में आ गया।
हादसे में उनके एक हाथ का पंजा कट गया। हाथ से अधिक खून निकलने के कारण महिला की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगीं।
घटना के समय परिवार के अन्य लोग भी खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने तत्काल घायल महिला को निजी वाहन से चूरू के डीबी अस्पताल पहुंचाया।
डीबी अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने महिला का उपचार किया। डॉक्टरों ने महिला की आवश्यक जांच करवाई है।
फिलहाल सरोज को अस्पताल में भर्ती रखा गया है और उनका इलाज जारी है।






