चूरू। रतननगर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी मुकेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वृत स्तर के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।
आबकारी अधिनियम के मामले में था फरार
पुलिस के मुताबिक रतननगर थाने में दर्ज राजस्थान आबकारी अधिनियम के प्रकरण में आरोपी मुकेश सिंह राजपूत लंबे समय से फरार चल रहा था।
आरोपी की उम्र 29 वर्ष है और वह विषमा, थाना सायरा, जिला उदयपुर का निवासी बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के अनुसार पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार के निर्देशन, पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह के सुपरविजन और रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने आसूचना संकलन और साइबर सेल की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी।
सटीक सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में रतननगर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल मुनेश कुमार, जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल मोनू मीणा की भूमिका रही।
वहीं जिला साइबर सेल के हेड कांस्टेबल धर्मवीर ने भी आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी में सहयोग किया।
