चूरू। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतननगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी लेकर 44 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद किया।
पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा पोस्त की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख 64 हजार रुपए बताई गई है।
पंजाब और जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (37) निवासी मंज, थाना कलानौर, जिला गुरदासपुर, पंजाब और सन्नी कुमार (20) निवासी रामनगर, जिला साम्बा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।
एनएच-52 पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा ट्रक
रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी के तहत पुलिस टीम ने एनएच-52 पर बेलमाउंट स्कूल के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 44 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
मामले की अग्रिम जांच सदर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि को सौंपी गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र के साथ कांस्टेबल जयप्रकाश, सूरजभान, मोनू और देवीलाल शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






