चूरू। जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने रिफंड दिलाने का झांसा देकर 63 वर्षीय व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर लिया और उसके तीन बैंक खातों से लाखों रुपए निकाल लिए।
घटना अमरपुरा निवासी श्रीचंद जाट के साथ हुई। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट 18 अगस्त को चूरू साइबर थाने में दर्ज कराई।
तीन बैंक खातों से निकाले 3.23 लाख
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को श्रीचंद के मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वालों ने रिफंड के नाम पर बातचीत शुरू की।
इसके बाद ठगों ने कथित तौर पर उनका मोबाइल हैक कर बैंक खातों से रकम निकाल ली।
पीड़ित के पंजाब नेशनल बैंक खाते से 34,996 रुपए, एसबीआई खाते से 98,545 रुपए और राजस्थान ग्रामीण बैंक खाते से 1,89,898 रुपए निकाल लिए गए।
इस तरह तीनों खातों से कुल 3,23,439 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई।
साइबर पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित ने घटना के संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर तीन शिकायतें भी दर्ज कराई थीं।
रिपोर्ट मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने 1.42 लाख रुपए होल्ड करवाए
साइबर थाना पुलिस ने बैंकिंग चैनल में तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 1,42,000 रुपए होल्ड करवाए हैं।
पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
आरोपियों तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर साइबर ठगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर कमल कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर रिफंड, केवाईसी या बैंकिंग प्रक्रिया के नाम पर मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि करने से बचें और साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।






