चूरू। जिले में सफाई कर्मचारी भर्ती शीघ्र शुरू करने और सफाई कामगार समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को वाल्मीकि समाज और सफाई कामगार समुदाय के लोगों ने पैदल जुलूस निकालकर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने और लंबित मामलों का समाधान करने की मांग की।
मनोनीत पार्षद अशोक पंवार के नेतृत्व में पंखा सर्किल से कलेक्ट्रेट तक निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में महिला सफाईकर्मी हाथों में झाड़ू लेकर शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई, जबकि अशोक पंवार नंगे पैर मार्च में शामिल हुए।
भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग
जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में लंबे समय से लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग की गई। इसके साथ ही न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने वर्ष 2018 में नियुक्त सफाई कर्मचारियों को उनके मूल पदों पर कार्य कराने तथा वरिष्ठ सफाईकर्मियों को पेंशन सहित अन्य लंबित सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
समाज को प्राथमिकता देने की उठाई मांग
प्रदर्शन के दौरान अशोक पंवार ने कहा कि वाल्मीकि समाज लंबे समय से स्वायत्त शासन विभाग के माध्यम से सफाई व्यवस्था में अपनी सेवाएं देता आ रहा है। उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में समाज की अनदेखी की जाती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई नियुक्त कर्मचारी सफाई कार्य के बजाय कार्यालयों में कार्यरत हैं, जबकि समाज के लोग आज भी मैदान में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दिए जाने की मांग रखी।






