फेसबुक विज्ञापन देखकर महिला के संपर्क में आया युवक

चूरू के सदर थाना क्षेत्र के दूधवाखारा हाल सैनिक बस्ती निवासी युवक ने पुलिस को साइबर ठगी की शिकायत दी थी। युवक ने बताया कि उसने फेसबुक पर सोलर बिजनेस से जुड़ा विज्ञापन देखा था।

विज्ञापन देखने के बाद एक महिला ने उससे व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया। महिला ने खुद को एम फिन सोलर कंपनी की कार्यकारी अधिकारी बताया।

बड़े कमीशन का लालच देकर खाते में डलवाए 2.35 लाख

महिला ने युवक को सौर परियोजना का काम दिलाने और उससे बड़ा कमीशन मिलने का लालच दिया। युवक उसकी बातों में आ गया।

इसके बाद युवक ने महिला द्वारा बताए गए खाते में 2 लाख 35 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद न तो उसे सोलर बिजनेस से संबंधित सामान उपलब्ध कराया गया और न ही पैसे वापस किए गए।

इसके बाद युवक को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ।

साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन और नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

सदर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि के अनुसार, मामले में कांस्टेबल अनिल कुमार ने सक्रियता दिखाते हुए ठगी की रकम को ट्रेस करने की कार्रवाई की।

बैंक खातों में रकम होल्ड करवाकर रोकी गई

पुलिस ने उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें पीड़ित की रकम ट्रांसफर हुई थी। इसके बाद कांस्टेबल अनिल कुमार ने बैंक और साइबर पोर्टल के नोडल अधिकारियों से संपर्क किया।

पुलिस की कार्रवाई से ठगी की रकम को संबंधित खातों में होल्ड करवाया गया, जिससे पैसा आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सका।

कोर्ट के आदेश पर पीड़ित को पूरी रकम वापस

रकम होल्ड होने के बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश के आधार पर कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पीड़ित युवक के बैंक खाते में 2 लाख 35 हजार रुपए की पूरी रकम वापस जमा करवा दी गई।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल अनिल कुमार की अहम भूमिका रही। साइबर ठगी के मामलों में समय पर शिकायत करने और बैंकिंग चैनल के जरिए रकम को होल्ड करवाने से पीड़ित को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...