चूरू। शहर के रतनगढ़-सरदारशहर तिराहे पर गुरुवार को एक आवारा सूअर ने 54 वर्षीय व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में उनके पैर में गंभीर चोट आई।
वार्ड संख्या पांच निवासी इब्राहीम खां अपने घर से ईंट मार्केट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक आवारा सूअर ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
डंडे से बचाव का प्रयास
हमले के दौरान इब्राहीम खां ने अपने पास मौजूद छोटे डंडे से बचाव करने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की और सूअर को वहां से खदेड़ा।
हालांकि, तब तक इब्राहीम खां के पैर में गंभीर चोट लग चुकी थी।
डीबी अस्पताल में उपचार जारी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल इब्राहीम खां को निजी वाहन से राजकीय डीबी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
एक सप्ताह पहले बच्चे पर भी हुआ था हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार शहर में आवारा सूअरों की बढ़ती समस्या को लेकर लोगों में डर और रोष है।
करीब एक सप्ताह पहले भी एक आवारा सूअर ने घर के बाहर खेल रहे सात वर्षीय बच्चे पर हमला कर घायल कर दिया था। बच्चे को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में आवारा सूअरों को लेकर चिंता बढ़ गई है।






