चूरू। जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत तारानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और मैगजिन बरामद की है।
तारानगर थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने नहर पुलिया रोही सुखवासी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंडरऊ ताल निवासी 38 वर्षीय रोहिताश कुमार जाट को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल मय मैगजिन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहिताश कुमार के खिलाफ इससे पहले भी तारानगर थाने में भादंस सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में तारानगर थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल भैरोसिंह, कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, विकास कुमार और कांस्टेबल चालक बन्नेसिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल चालक बन्नेसिंह की विशेष भूमिका रही।






