चूरू जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को राजस्थान शिक्षक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षकों ने तबादला आदेशों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी इंद्रमणि पार्क में एकत्रित हुए, जहां से संयुक्त निदेशक कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली गई।

रैली के दौरान शिक्षकों ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की और संयुक्त निदेशक कार्यालय के बाहर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।


पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई नोकझोंक

प्रदर्शन के दौरान संयुक्त निदेशक कार्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस और प्रदर्शनकारी शिक्षकों के बीच कुछ समय के लिए नोकझोंक की स्थिति बनी। इसके बाद आक्रोशित शिक्षक कार्यालय के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।


शिक्षक संगठन ने लगाए ये आरोप

शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि स्थानांतरण प्रक्रिया में मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों का भी दूरस्थ क्षेत्रों में तबादला कर दिया गया है, जिससे कई विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हुई है।

संगठन के प्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्कूल केवल तृतीय श्रेणी शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।


ये हैं शिक्षकों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन के दौरान शिक्षक संगठनों ने मांग की कि

  • विवादित तबादला आदेश तत्काल निरस्त किए जाएं।
  • सभी संवर्गों के लिए स्थायी स्थानांतरण नीति लागू की जाए।
  • पिछले आठ वर्षों से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले जल्द किए जाएं।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री ने अब तक शिक्षक संगठनों के साथ इस मुद्दे पर कोई वार्ता नहीं की है।


25 अगस्त को बीकानेर में आंदोलन की चेतावनी

शिक्षक संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 25 अगस्त को बीकानेर स्थित शिक्षा निदेशालय का घेराव किया जाएगा और प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...