रतनगढ़। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में नोखा में आयोजित अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में अणुव्रत समिति रतनगढ़ के नेतृत्व में भाग ले रही चूरू जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने समूह गान, भाषण और एकल गायन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
एसीसी प्रभारी नरेंद्र सांकृत्य ने बताया कि शनिवार को नोखा के सरस्वती मैरिज मेंशन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय गांधी बाल निकेतन की छात्रा दृष्टि प्रजापत ने अपने प्रभावशाली अंदाज में भाषण प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दृष्टि के भाषण कौशल से प्रभावित होकर कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रोताओं की विशेष मांग पर उसका भाषण दोबारा भी सुना गया।
इन विद्यार्थियों ने जीते प्रथम स्थान
एकल गायन प्रतियोगिता में अरविंद नौहाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं समूह गान में नक्षिता सोनी, प्रियंका पंवार, कनिका तंवर, काव्या स्वामी और अरविंद नौहाल के दल ने पहला स्थान हासिल किया।
अणुव्रत समिति रतनगढ़ के अध्यक्ष कुलदीप व्यास ने विजेता प्रतियोगियों के शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभाओं को निखारने का मंच
जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष मोतीलाल तातेड़ ने कहा कि अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच है।
‘हमारी ताकत हमारा परिवार’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता में चूरू जिले की टीम में हनुमान बालिका विद्यालय, संचियालाल बैद आदर्श विद्या मंदिर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेणासर, एमजीजीएस यूनियन क्लब और राजलदेसर के विद्यार्थी शामिल रहे।
विजेता विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में अणुविभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुसुम लूनिया, राष्ट्रीय अणुव्रत काव्यधारा के प्रभारी धनपत लूनिया सहित मंचस्थ अतिथियों ने विजेता प्रतियोगियों और उनके विद्यालय प्रभारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।






