चूरू: शहर में रेलवे स्टेशन के सामने डीएसटी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने हथियारों के साथ थार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्लैक थार में कुछ युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध थार को रुकवाया और तलाशी ली।
एक युवक से देसी कट्टा और चार कारतूस मिले
तलाशी के दौरान वार्ड संख्या 18 निवासी समीर खां उर्फ चीकू के कब्जे से एक देसी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं वार्ड संख्या 18 निवासी शाहिद के कब्जे से 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से ब्लैक थार गाड़ी भी जब्त कर ली।
पूछताछ में होटल से कारतूस लाने की बात
पुलिस के अनुसार पूछताछ में समीर खां ने बताया कि बरामद कारतूस उसके नाना रक्खूदीन फौजी के सरदारशहर स्थित होटल से लाए गए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस और वाहन जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।
डीएसटी प्रभारी सहित पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी कृष्णराम सहित डीएसटी और कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।
पुलिस कार्रवाई में एफसी गोपीराम की विशेष भूमिका रही।






