चूरू शहर के अग्रसेन नगर में शराब के नशे में परिजनों के साथ मारपीट और हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, अग्रसेन नगर निवासी अरविंद और मनीष, दोनों पुत्र मुनीराज पांडे, पर अपने माता-पिता और पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को शांति भंग की आशंका के तहत धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
समझाने पर भी नहीं माने
सदर थाना के एएसआई गिरधारी लाल सैनी ने बताया कि रविवार दोपहर कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि अग्रसेन नगर में दो व्यक्ति अपने परिवार के सदस्यों के साथ झगड़ा कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक नशे की हालत में मिले और समझाने के बावजूद शांत नहीं हुए। आरोप है कि वे पुलिसकर्मियों से भी बहस करने लगे।
एसडीएम कोर्ट में किया जाएगा पेश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।






