चूरू। जिले की प्रतिभाशाली निशानेबाज विधि शर्मा ने 24वीं राजस्थान राज्य राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर चूरू का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और जिलेभर में खुशी का माहौल है।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 14 से 29 जून 2026 तक जयपुर के जगतपुरा स्थित ओएएसईएस शूटिंग रेंज में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर एयर पिस्टल एवं राइफल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
10 मीटर एयर पिस्टल में शानदार प्रदर्शन
चूरू निवासी देवेंद्र कुमार शर्मा की पुत्री विधि शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए।
उन्होंने उप-युवा महिला वर्ग में स्वर्ण पदक, युवा महिला वर्ग में स्वर्ण पदक तथा सभी आयु महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
पढ़ाई के साथ खेल में भी बना रहीं पहचान
विधि शर्मा वर्तमान में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, चूरू में कक्षा 11 की छात्रा हैं। उनके पिता देवेंद्र कुमार शर्मा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की चूरू शाखा में कार्यरत हैं, जबकि उनके दादाजी सत्यनारायण शर्मा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
विधि शर्मा की सफलता पर खेल प्रेमियों, शुभचिंतकों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई है कि वह आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान और देश का नाम रोशन करेंगी।






