सरदारशहर,जगदीश लाटा। तहसील क्षेत्र के जयसंगसर गांव की हड़मानाराम ढाणी में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि ढाणी में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का किया प्रयास
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
हालांकि, ग्रामीणों के प्रयास शुरू होने तक आग काफी नुकसान कर चुकी थी और ढाणी में रखा सामान जलकर राख हो गया।
तहसीलदार ने नुकसान के सर्वे का दिया आश्वासन
घटना की सूचना गांव के राकेश सारण और राजपाल सारण ने सरदारशहर तहसीलदार मुकुल टाक को दी।
तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पटवारी को मौके पर भेजकर आग से हुए नुकसान का सर्वे करवाया जाएगा।
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसान को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन से मुआवजे की उम्मीद
अचानक लगी आग से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। अब प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से होने वाले नुकसान के आकलन और सहायता का इंतजार है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सर्वे करवाकर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।






