चूरू, जिले में जीएनएम तृतीय वर्ष मुख्य परीक्षा का आयोजन 11 और 12 अगस्त 2026 को किया जाएगा। परीक्षा जिला मुख्यालय स्थित चूरू बालिका महाविद्यालय, पुरानी सड़क, चूरू में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा अधीक्षक बजरंग कुमार हर्षवाल ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा में जिले के विभिन्न नर्सिंग स्कूलों से करीब 205 प्रशिक्षणार्थी शामिल होंगे।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
परीक्षार्थियों को राजस्थान नर्सिंग कौंसिल द्वारा जारी और संस्थान प्रधान से प्रमाणित परीक्षा अनुमति पत्र, अध्ययनरत संस्थान का परिचय पत्र तथा फोटोयुक्त आईडी साथ लानी होगी। इसके अलावा परीक्षार्थियों को निर्धारित पूर्ण गणवेश में परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
पर्यवेक्षक और उड़नदस्ते की रहेगी व्यवस्था
परीक्षा को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए राजस्थान नर्सिंग कौंसिल की ओर से ऑब्जर्वर/पर्यवेक्षक और उड़नदस्ते की व्यवस्था भी की गई है। परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।






