राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा 5 अगस्त को चूरू जिले के रतनगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों, संगठनात्मक गतिविधियों और पदाधिकारियों के कार्य विभाजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
2 अगस्त को होगी तैयारियों की बैठक
चूरू जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जमील चौहान ने बताया कि डोटासरा के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर 2 अगस्त (रविवार) दोपहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज मेघवाल करेंगे, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी प्रभारी एवं विधायक हाकम अली खान भी इसमें मौजूद रहेंगे।
संगठन और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों, नगर निकाय एवं पंचायत राज चुनावों की तैयारियों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी होंगे शामिल
बैठक में सांसद, विधायक, विधायक प्रत्याशी, जिले के सभी पीसीसी एवं एआईसीसी सदस्य, निवर्तमान जिला परिषद सदस्य, निवर्तमान प्रधान, सभापति, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, नवगठित कार्यकारिणी के सदस्य तथा सभी ब्लॉक अध्यक्ष शामिल होंगे।






