छापर। कस्बे के वार्ड नंबर 10 में पुराने भेड़ ऊन विभाग कार्यालय के पास एक मकान में बीती रात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर मकान से दो हाथ घड़ियां, एक चांदी की अंगूठी, एक सोने की अंगूठी और नकदी चुरा ले गए।
मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार मकान मालिक सीताराम माली अपने परिवार के साथ खेत में बनी ढाणी में रहते हैं। वे सुबह-शाम अपने मकान की देखभाल के लिए आते हैं।
मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने सीताराम माली को मकान में चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
चोरों ने अंदर कमरों में रखी अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए और उनमें रखा सामान खंगाला।
रात दो से ढाई बजे के बीच हुई वारदात
जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात रात करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई।
सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात की जानकारी ली।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने चोरी की वारदात के संबंध में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
दो घड़ियां और जेवर सहित नकदी चोरी
मकान मालिक सीताराम माली ने बताया कि चोर दो हाथ घड़ी, एक चांदी की अंगूठी, एक सोने की अंगूठी और कुछ नकदी चुराकर ले गए हैं।
समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।






