सांडवा, चूरू। निकटवर्ती ईयारा गांव में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए।
घटना के समय तीनों परिवार खेतों में लावणी करने गए हुए थे। घरों में लोगों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
तीन घरों से लाखों के जेवरात चोरी
जानकारी के अनुसार, चोरों ने जगदीश चौहान, हरूराम मेघवाल और लक्ष्मण राम मेघवाल के घरों को निशाना बनाया।
- जगदीश चौहान: घर से करीब 8 से 10 लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए।
- हरूराम मेघवाल: घर से करीब 1 से 2 लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए।
- लक्ष्मण राम मेघवाल: घर से करीब 2 लाख रुपए के जेवरात चोरी होने की जानकारी है।
तीनों घरों से चोरी हुए जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 11 से 14 लाख रुपए बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध दिखने की जानकारी
वारदात की सूचना मिलने पर सांडवा थाना पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों के आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।
एएसआई सुमेरमल ने बताया कि चोरों के जाने वाले रास्ते की जांच की जा रही है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें तीन लोगों के होने की जानकारी सामने आई है।
नागौर के हीरावती गांव में भी वारदात की सूचना
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों द्वारा नागौर जिले के लाडनूं थाना क्षेत्र के हीरावती गांव में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।






