चूरू जिले के रतननगर थाना क्षेत्र के नाकरासर गांव में आम रास्ते पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और बीच रास्ते में चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाते हुए दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव की आबादी से होकर खेतों की ओर जाता है और इसी मार्ग पर एक सार्वजनिक कुंड भी स्थित है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने इस सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण करने के उद्देश्य से पट्टियां लगानी शुरू कर दीं।
विरोध पर बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, जब लोगों ने रास्ते पर किए जा रहे कथित अतिक्रमण का विरोध किया तो विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि संबंधित लोग झगड़े पर उतारू हो गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने रुकवाया काम
सूचना मिलते ही रतननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ते पर चल रहे कार्य को तत्काल रुकवा दिया। पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए संबंधित लोगों को कानून के दायरे में रहने की चेतावनी भी दी।
पंचायत स्तर पर समाधान की तैयारी
पुलिस ने ग्रामीणों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए बताया कि पंचायत स्तर पर बैठक कर मामले का समाधान निकालने और सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।






