चूरू जिले के राजगढ़ में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नकेल के तहत राजगढ़ पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) चूरू ने एक ही दिन में तीन वाहनों को पकड़कर करीब 26 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब बरामद की।
पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया।
लसेड़ी टोल प्लाजा पर नाकाबंदी
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. IPS के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजगढ़ रिपुसूदन सिंह चारण और सहायक पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पाटील के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
DST चूरू से मिली सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-52 पर राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर स्थित लसेड़ी टोल प्लाजा के पास अलसुबह नाकाबंदी की गई।
इसी दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ से गुजरात की ओर जा रहे तीन संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
बोलेरो से 25 कार्टन शराब बरामद
पहली कार्रवाई में HR 19 G 9333 नंबर की बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से हरियाणा निर्मित देशी शराब के 25 कार्टन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए है। मामले में लाखलान बड़ी निवासी संतकुमार उर्फ कालू को गिरफ्तार किया गया।
क्रेटा में मिले 3120 पव्वे
दूसरी कार्रवाई में GJ 06 RF 2972 नंबर की क्रेटा कार पुलिस के हत्थे चढ़ी। तलाशी के दौरान चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 65 कार्टन यानी 3120 पव्वे बरामद हुए।
इनमें रॉयल चैलेंज फाइन रिजर्व व्हिस्की के 1632 पव्वे और पार्टी स्पेशल द ओरिजिनल गोल्ड प्रीमियम व्हिस्की के 1488 पव्वे शामिल हैं।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में जालोर जिले के भाटीप निवासी मनोहरलाल को गिरफ्तार किया।
ब्रेजा से 3696 पव्वे जब्त
तीसरी कार्रवाई में GJ 27 DB 8165 नंबर की ब्रेजा कार को पकड़ा गया। वाहन से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 77 कार्टन यानी 3696 पव्वे बरामद किए गए।
इनमें रॉयल चैलेंज फाइन रिजर्व व्हिस्की के 1584 पव्वे और ऑल सीजन गोल्डन कलेक्शन रिजर्व व्हिस्की के 2112 पव्वे शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में जालोर जिले के कुकावास निवासी मनोहरलाल को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है।
सप्लायर और खरीदारों के नेटवर्क की जांच
पुलिस के मुताबिक तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ का मुख्य फोकस अवैध शराब के सप्लायर, खरीदार और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने पर है।
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
चूरू पुलिस की आमजन से अपील
चूरू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।






