चूरू। रतननगर थाना क्षेत्र के पीथीसर गांव में खेत में बने पानी के कुंड में गिरने से 37 वर्षीय किसान धर्मपाल की मौत हो गई।
बताया गया कि धर्मपाल खेत में फसलों पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान उसे प्यास लगी तो वह पास ही बने पानी के कुंड पर पानी लेने पहुंचा।
पैर फिसलने से गहरे कुंड में गिरा
पानी निकालने के दौरान अचानक धर्मपाल का पैर फिसल गया और वह गहरे कुंड में जा गिरा। कुंड में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी प्रयास के बाद धर्मपाल को कुंड से बाहर निकाला।
डीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन धर्मपाल को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई मामचंद जाट की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।






