चूरू के सांसद राहुल कस्वां ने केंद्र सरकार के आम बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे दिशाहीन और बगैर किसी स्पष्ट विज़न का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में देश के अहम वर्गों की पूरी तरह अनदेखी की गई है।
युवाओं के लिए रोजगार नहीं, सिर्फ सपने
राहुल कस्वां ने कहा कि
बजट में युवाओं के लिए रोजगार की कोई ठोस योजना नहीं है। रोजगार देने की बात करने की बजाय युवाओं को रील बनाने जैसे सपने दिखाए जा रहे हैं।
किसानों और सिंचाई योजनाओं पर चुप्पी
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में सिंचाई परियोजनाओं को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई गई।
सांसद ने कहा
पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को रोकने की बातें तो होती हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्ययोजना सामने नहीं आई।
महिलाओं का बजट में जिक्र तक नहीं
राहुल कस्वां ने बजट में महिलाओं का नाम तक न लिए जाने पर भी सवाल उठाए।
उनका कहना था कि महिला सुरक्षा एक अहम मुद्दा है, लेकिन सरकार का इस दिशा में कोई गंभीर प्रयास नजर नहीं आता।
पुरानी योजनाएं बेअसर, नई घोषणाओं से भ्रम
सांसद ने कहा कि पहले की योजनाएं और घोषणाएं धरातल पर बेअसर साबित हुई हैं।
अब उन्हीं योजनाओं को नए-नए नाम देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।
असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
राहुल कस्वां ने कहा कि आर्थिक नीतियों और वास्तविक प्रगति की जगह बजट में सिर्फ शब्दों का हेर-फेर किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, ग्रामीण विकास, किसान उन्नति और शिक्षा जैसे अहम मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास किया गया है।
