दिल्ली। चूरू सांसद राहुल कस्वां ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चूरू लोकसभा क्षेत्र से जुड़े रेलवे विकास के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने रखा। सांसद ने धार्मिक पर्यटन, रेलवे क्रॉसिंग की समस्या और प्रमुख ट्रेनों के विस्तार से जुड़े प्रस्तावों पर रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

खाटूश्यामजी-सालासर रेल मार्ग को सीधे जोड़ने की मांग

सांसद राहुल कस्वां ने खाटूश्यामजी-सालासर बालाजी रेल मार्ग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार करने की स्वीकृति के बाद सर्वे का काम किया जा रहा है।

कस्वां ने कहा कि प्रस्तावित रेल लाइन को केवल रींगस-खाटूश्यामजी और रसीदपुरा-सालासर-सुजानगढ़ जैसे अलग-अलग हिस्सों में बनाने के बजाय रींगस से खाटूश्यामजी होते हुए सालासर बालाजी और सुजानगढ़ तक सीधे जोड़ने की जरूरत है।

उनका कहना है कि इससे खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही भविष्य में डूंगर बालाजी, बीदासर और देशनोक स्थित करणी माता मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

पश्चिमी राजस्थान को भी मिलेगा रेल कनेक्टिविटी का फायदा

सांसद के अनुसार इस रेल मार्ग के बनने से जोधपुर, बीकानेर और दिल्ली की खाटूश्यामजी क्षेत्र से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत हो सकती है। इससे पश्चिमी राजस्थान के लिए भी नया रेल संपर्क विकसित होगा।

उन्होंने रेल मंत्री से रींगस-खाटूश्यामजी-सालासर बालाजी-सुजानगढ़ रेल मार्ग की समग्र डीपीआर तैयार कराने की मांग की।

चूरू लोकसभा क्षेत्र में 6 ROB की मांग

सांसद राहुल कस्वां ने रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात की समस्या से राहत दिलाने के लिए छह स्थानों पर रोड ओवरब्रिज (ROB) बनाने की मांग भी रखी।

इनमें शामिल हैं:

  1. नोहर शहर में हनुमानगढ़ की ओर जाने वाले आम रास्ते पर।
  2. गोगामेड़ी गांव, नोहर के रेलवे फाटक पर।
  3. रतनगढ़ शहर के मुख्य मार्ग पर।
  4. सरदारशहर-श्रीडूंगरगढ़ SH-06 पर आने वाले रेलवे फाटक पर।
  5. राजगढ़ शहर के बहल फाटक पर।
  6. पड़िहारा के पास SH-07C पर रतनगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर।

इन ROB के निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या कम होने की उम्मीद है।

जोधपुर-दिल्ली ट्रेन को ऋषिकेश तक चलाने की मांग

सांसद ने ट्रेन संख्या 02481/02482 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला के ऋषिकेश तक विस्तार का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि ट्रेन के विस्तार की स्वीकृति जारी हो चुकी है। ऐसे में इसका संचालन शीघ्र ऋषिकेश तक शुरू किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।

बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत को मथुरा तक बढ़ाने की मांग

राहुल कस्वां ने बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत के मथुरा जंक्शन तक विस्तार की मांग भी रेल मंत्री के सामने रखी।

उन्होंने बताया कि ट्रेन का दिल्ली कैंट में 5 घंटे से अधिक समय का ठहराव है। बीकानेर, चूरू, सादुलपुर और रेवाड़ी क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग है कि इस ट्रेन को मथुरा तक संचालित किया जाए।

सांसद ने ट्रेन संख्या 26471-26472 बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत को मथुरा जंक्शन तक बढ़ाने की मांग करते हुए इसे पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...