राजलदेसर। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद पांच प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी प्यारेलाल चावला के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच उम्मीदवारों की ओर से छह नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।
संवीक्षा के बाद भाजपा से गोपाल मारू और कांग्रेस से लाभचंद सोनी चुनाव मैदान में हैं। वहीं जयचंद महावर और पवन बोथरा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं।
इसके अलावा मोहम्मद जब्बार ने पहले कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस की ओर से लाभचंद सोनी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद जब्बार का नामांकन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मान्य हुआ है।
इस तरह फिलहाल अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के एक-एक प्रत्याशी तथा तीन निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं।
14-14 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस की जीत
राजलदेसर नगरपालिका के 35 वार्डों में हुए निकाय चुनाव के परिणामों ने अध्यक्ष पद के चुनाव को अहम बना दिया है।
चुनाव परिणाम में भाजपा को 14 और कांग्रेस को भी 14 सीटें मिली हैं। वहीं पांच वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी और दो वार्डों में RLP प्रत्याशी विजयी रहे हैं।
भाजपा और कांग्रेस के पास अपने दम पर स्पष्ट बहुमत नहीं है। ऐसे में निर्दलीय और RLP से जीते पार्षदों की भूमिका बोर्ड गठन में महत्वपूर्ण हो सकती है।
नाम वापसी के बाद साफ होगी अंतिम तस्वीर
अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की संवीक्षा पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी नाम वापसी की प्रक्रिया बाकी है। नाम वापसी की अंतिम समय सीमा समाप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितने प्रत्याशी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहेंगे।
इसके बाद पालिकाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अंतिम चुनावी तस्वीर और मुकाबले का स्वरूप पूरी तरह साफ हो जाएगा।






