राजलदेसर। राजलदेसर थाना क्षेत्र के वार्ड 35 में शनिवार को अचानक दीवार का पिलर गिरने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान सांवरमल जाट की पुत्री ज्याना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ज्याना घर के पास गाय को चारा डाल रही थी। इसी दौरान पास में बनी दीवार का भारी पिलर अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर गया।
पिलर के नीचे दबने से गंभीर घायल
पिलर गिरने से ज्याना उसके नीचे दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजन युवती को निजी वाहन से राजलदेसर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर राजलदेसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने मृतका के पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया। इसके बाद शनिवार शाम पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अचानक हुए इस हादसे ने परिजनों और आसपास के लोगों को झकझोर दिया।






