चूरू, सुभाष प्रजापत राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों के भीतर तेज आंधी, गरज-चमक, वज्रपात, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने प्रभावित जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों में मौसम का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि और मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों को ऑरेंज अलर्ट श्रेणी में रखा है। विभाग का कहना है कि इन इलाकों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

विशेष रूप से खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों, किसानों और वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

नागौर समेत तीन जिलों में येलो अलर्ट

नागौर, डीडवाना-कुचामन और कोटपुतली-बहरोड़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। हालांकि इन जिलों में मौसम का प्रभाव ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों की तुलना में कम रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने जारी की सुरक्षा सलाह

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़, बिजली के खंभे, कच्चे मकान, दीवारें और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। आंधी और बारिश के दौरान दृश्यता कम होने से सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ सकता है।

लोगों को सलाह दी गई है कि मेघगर्जन के दौरान खुले मैदानों में न रहें, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें तथा बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें। प्रशासन ने भी नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...