सादुलपुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के लम्बोर बड़ी गांव में बीती रात दो घरों में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि इससे आसपास के करीब 10 मकानों की छतें टूटकर गिर गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

घर में आग लगाने का लगाया आरोप

मामले में गजेंद्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह, निवासी लम्बोर बड़ी, ने राजगढ़ थाने में परिवाद देकर दो लोगों पर घर में आग लगाने, घरेलू सामान जलाने और नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।

परिवाद के अनुसार गजेंद्र सिंह वर्तमान में बीकानेर में किराए के मकान में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे उसे सूचना मिली कि राजगढ़ स्थित उसके छोटे भाई रविन्द्र सिंह के मकान में आग लग गई है।

बेड, सोफा और घरेलू सामान जलने का दावा

शिकायतकर्ता के अनुसार, सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचा तो मकान में रखा काफी सामान जल चुका था। परिवाद में बेड, सोफा, चारपाई, संदूक, अलमारी, कपड़े, बिस्तर और गैस सिलेंडर सहित अन्य घरेलू सामान के जलने और चोरी होने का उल्लेख किया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आग की वजह से कमरे में रखा सामान तथा उसकी पत्नी और बेटी का सामान भी जल गया।

पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप

परिवाद में शिकायतकर्ता ने रविन्द्र सिंह पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने रविन्द्र सिंह और उसकी पत्नी अंजलि कंवर पर घरेलू संपत्ति विवाद को लेकर परेशान करने और घर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता ने पूर्व में भी अंजलि कंवर के कहने पर रविन्द्र सिंह द्वारा उसके खिलाफ शिकायत किए जाने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मौके पर पहुंचे एएसआई राजकुमार ने बताया कि घर में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों की मदद से देर रात तक आग पर काबू पाया गया।

थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि एक व्यक्ति की ओर से परिवाद दिया गया है। परिवाद के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और जांच के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच के बाद ही आग लगने के कारण और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...