सादुलपुर। राजगढ़-सादुलपुर-चूरू रेल लाइन पर 12 अगस्त की रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। हिसार की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार रास्ता भटककर रेल लाइन के पास पहुंच गई। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती दिखाई देने पर चालक ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार चिड़ावा तहसील निवासी 21 वर्षीय ईश्वर सिंह स्विफ्ट कार से हिसार की ओर से आ रहा था। उसे पिलानी की ओर जाने वाली पुलिया पर चढ़ना था, लेकिन रात के अंधेरे में रास्ता समझने में चूक हो गई। इसके चलते वह हाईवे पुलिया के नीचे साइड वाले रास्ते पर चला गया। आगे रेल लाइन होने की जानकारी उसे नहीं थी।
कार जैसे ही रेल लाइन के किनारे पड़े पत्थरों से टकराई, उसी दौरान चालक की नजर सामने से आ रही ट्रेन पर पड़ी। खतरा भांपते हुए ईश्वर सिंह ने तत्काल कार से छलांग लगा दी। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे राजगढ़ के श्रीनाथजी हॉस्पिटल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार ईश्वर सिंह को कोई गंभीर चोट नहीं आई। 13 अगस्त की सुबह उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक के समय रहते कार से कूद जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना को लेकर फिलहाल आरपीएफ में मामला दर्ज नहीं होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।






