राजलदेसर। राष्ट्रीय राजमार्ग 11 पर निजी होटल के पास मंगलवार देर रात कैंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव जेगणियां बीदावतान निवासी रामचंद (40) पुत्र मोहन राम मीणा के रूप में हुई है।
थाने के एएसआई बजरंग लाल यादव के मुताबिक, बुधवार को जेगणियां बीदावतान निवासी मृतक के चचेरे भाई मदन लाल मीणा ने पुलिस को रिपोर्ट दी।
जोरावरपुरा से लौटते समय हुआ हादसा
रिपोर्ट के अनुसार, रामचंद मंगलवार को अपने निजी काम से बाइक पर सवार होकर जोरावरपुरा गए थे। वहां से वापस लौटते समय रात करीब 12 बजे NH-11 पर निजी होटल के पास हादसा हुआ।
बताया गया कि रतनगढ़ की ओर से आ रही एक कैंपर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में रामचंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजलदेसर से बीकानेर किया रेफर
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल रामचंद को इलाज के लिए राजलदेसर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया।
रामचंद का पीबीएम अस्पताल बीकानेर में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई मदनलाल मीणा की रिपोर्ट पर कैंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पीबीएम अस्पताल बीकानेर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस हादसे से जुड़े मामले की जांच कर रही है।






