राजलदेसर, चूरू। साइबर क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजलदेसर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी और गुम हुए आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
CEIR पोर्टल से ट्रेस किए मोबाइल
उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाधिकारी बेगाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यम से गुम मोबाइलों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने केंद्रीय संचार मंत्रालय के CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइलों को ब्लॉक करवाया और इसके बाद तकनीकी रूप से ट्रेस कर बरामद किया।
मोबाइल फोन की ट्रेसिंग में कांस्टेबल संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोबाइल वापस मिलने पर खिले चेहरे
मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें संबंधित मालिकों को सुपुर्द किया। लंबे समय से गुम या चोरी हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
पुलिस के अनुसार अन्य गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश भी लगातार जारी है।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें ये काम
थानाधिकारी ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर घबराएं नहीं।
सबसे पहले राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके बाद CEIR पोर्टल पर मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल के दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है और पुलिस के लिए मोबाइल को तकनीकी रूप से ट्रेस कर बरामद करना आसान होता है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से कहा कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में घटना की सूचना देने में देरी न करें। IMEI नंबर और मोबाइल से संबंधित जरूरी जानकारी सुरक्षित रखना भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।






