चूरू। अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतननगर पुलिस और डीएसटी टीम ने कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप से देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 235 पव्वे देशी शराब बरामद किए।
पुलिस ने शराब और हथियार के साथ पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान तीन जनों को गिरफ्तार किया गया।
नीमड़ी बस स्टैंड के पास की नाकाबंदी
एसपी निश्चय प्रसाद एम के अनुसार, 24 सितंबर को रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डीएसटी के साथ नीमड़ी बस स्टैंड के पास ढाढरिया-बणीरोतान की रोही में नाकाबंदी की थी।
इसी दौरान पुलिस ने एक पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 235 पव्वे देशी शराब बरामद हुई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से धोदलियां निवासी 31 वर्षीय ओमप्रकाश गोदारा, दाउदसर निवासी सुरेंद्र कुमार जाट और अजीतसर निवासी 48 वर्षीय भंवराराम जाट को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रतननगर थाने में आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
डीएसटी टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी कृष्णराम और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।






