रतनगढ़ में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना। स्थानीय पोद्दार गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण दिखाया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शहर मंडल अध्यक्ष अरविंद इंदौरिया के नेतृत्व में किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और विभिन्न विषयों पर रखे गए विचारों पर चर्चा की।
नेताओं ने रखे अपने विचार
इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि एवं भाजपा युवा नेता पवन सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों से सीधे संवाद करते हैं, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरणा और नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर तालियां बजाकर और नारे लगाकर उत्साह व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।






