रतनगढ़। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘नशामुक्त युवा, नशामुक्त परिवार मैराथन’ के तहत रतनगढ़ में 3 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। अणुव्रत समिति की ओर से आयोजित इस दौड़ को नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ लगाकर नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
विजेताओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि व्यसनमुक्त जीवन की प्रेरणा देने वाले ऐसे आयोजनों को व्यापक समर्थन मिलना चाहिए।
उन्होंने दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रामनिवास, द्वितीय स्थान पर रहे भंवर सिंह और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पंकज जांगिड़ का माल्यार्पण कर तथा दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया।
विद्यार्थियों को दिलाया व्यसनमुक्त जीवन का संकल्प
केपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था निदेशक डॉ. ओमप्रकाश गोदारा ने की। कार्यक्रम में अणुव्रत समिति के संरक्षक मोतीलाल तातेड़, समिति अध्यक्ष कुलदीप व्यास और उपाध्यक्ष अरुण रामगढ़िया मंचस्थ अतिथि रहे।
समिति अध्यक्ष कुलदीप व्यास ने उपस्थित लोगों को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और परिवारों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
मैराथन के बाद मनाया पर्यावरण शुद्धि दिवस
दौड़ के बाद उसी स्थान पर पर्यावरण शुद्धि दिवस मनाया गया। मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर किए जा सकने वाले प्रयासों और जिम्मेदारियों पर विचार-मंथन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान ने वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समय रहते इस दिशा में ध्यान नहीं दिया गया तो इसके दुष्परिणाम सभी को भुगतने पड़ेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. ओमप्रकाश गोदारा ने कहा कि नशामुक्ति और पर्यावरण शुद्धि, दोनों ही विषय हमारे जीवन से जुड़े हैं। इन क्षेत्रों में सुधार के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संरक्षक मोतीलाल तातेड़ ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुसांईसर के प्रधानाचार्य शिवशंकर शर्मा, कादिया के प्रधानाचार्य विनोद सिसोदिया, शिक्षक नेता शिवाराम मेघवाल, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अरविंद मिश्रा, धर्म प्रसार प्रमुख कृष्ण कुमार रामावत सहित अणुव्रत समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वेदप्रकाश चौधरी, प्रभात बील, सुबेसिंह जाखड़, भूराराम शर्मा, नन्द किशोर जांगिड़, करण सिंह, गोपीराम, सुखदेव, जितेंद्र सिंह, करीम, सलीम खान, पूनम शर्मा, रक्षा जांगिड़, किरण शर्मा और राहुल स्वामी सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन कैलाश सांखला ने किया। अंत में “जनता में जागृति आ जाए, बढ़ जाए खुशहाली, फैलाएं हरियाली” गीत के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
