रतनगढ़। एक करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए कारोबारी के घर फायरिंग के चर्चित मामले में पुलिस ने रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग से जुड़े रोशन उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना की साजिश में मुख्य भूमिका में शामिल था।
जयपुर जिले के रेनवाल मांझी थाना क्षेत्र स्थित गोपालनगर तूत की ढाणी निवासी 28 वर्षीय रोशन उर्फ साहिल को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर सेंट्रल जेल से गिरफ्तार किया है।
कारोबारी के घर फायरिंग से जुड़ा है मामला
मामला रेलवे घूमचक्कर के पास रहने वाले व्यवसायी सुनील कुमार प्रजापत के घर हुई फायरिंग से जुड़ा है। पुलिस जांच के अनुसार घटना की पूरी रूपरेखा और साजिश तैयार करने में रोशन उर्फ साहिल की मुख्य भूमिका सामने आई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित होने के बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया। इसके बाद आरोपी को जयपुर सेंट्रल जेल से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में पुलिस अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।
सोशल मीडिया से विदेश बैठे गैंगस्टरों तक पहुंचाते थे जानकारी
पुलिस पूछताछ में गैंग के काम करने के तरीके को लेकर भी जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार स्थानीय स्तर पर सक्रिय गुर्गे ज्वैलर्स, कारोबारियों और धनाढ्य लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सोशल मीडिया के जरिए विदेश में बैठे मुख्य गैंगस्टरों तक पहुंचाते थे।
इसके बाद मुख्य सरगना कथित तौर पर विदेशी नंबरों से कारोबारियों को कॉल कर रंगदारी की मांग करते थे। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार स्थानीय गुर्गों की भूमिका रंगदारी की रकम और हथियारों के परिवहन के साथ-साथ व्यापारियों के घरों पर फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने में रहती थी।
गैंग के फरार सदस्यों को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपी रोशन उर्फ साहिल से रोहित गोदारा की मौजूदा गतिविधियों और गैंग के अन्य फरार सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में गैंग के नेटवर्क तथा अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है।
