रतनगढ़। सेठ सूरजमल जालान राजकीय जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को अत्याधुनिक डीआर सेटअप वाला डिजिटल एक्सरे सरकारी अस्पताल में ही मिल सकेगा। इसके लिए नागपुर के भामाशाह अनोज अजीतसरिया ने अपने पूर्वजों जगदीश प्रसाद एवं रतनलाल अजीतसरिया की स्मृति में 15 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है।
इस राशि से अस्पताल के एक्सरे विभाग के नवीनीकरण के तहत आधुनिक डीआर मशीन खरीदी गई है। मशीन का उद्घाटन शनिवार, 12 सितंबर को प्रस्तावित है। इसके बाद मरीजों को अस्पताल में ही आधुनिक तकनीक से डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलने लगेगी।
पुरानी सीआर तकनीक हो चुकी थी आउटडेटेड
श्री गांधी बाल निकेतन के सचिव राजीव उपाध्याय की ओर से जिले के सरकारी चिकित्सालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना चलाई जा रही है। इसी परियोजना के तहत भामाशाह के सहयोग से रतनगढ़ अस्पताल में नई मशीन उपलब्ध करवाई गई है।
परियोजना फाउंडर उपाध्याय के अनुसार अस्पताल में पहले से स्थापित एक्सरे मशीन के साथ उपयोग होने वाला सीआर सेटअप काफी पुराना और खराब हो चुका था। इसके चलते हर महीने होने वाले करीब 3,000 एक्सरे के लिए मरीजों को बाहर जाकर जांच करवानी पड़ती थी।
हर महीने हजारों मरीजों को मिलेगी राहत
अस्पताल प्रशासन की ओर से एक्सरे सुविधा को आधुनिक बनाने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद भामाशाह अनोज अजीतसरिया के सहयोग से डीआर सेटअप स्थापित किया गया।
नई मशीन शुरू होने के बाद मरीजों को एक्सरे के लिए निजी केंद्रों पर जाने की जरूरत कम होगी। इससे उन्हें समय और पैसे दोनों की बचत होगी और सरकारी अस्पताल में ही आधुनिक डिजिटल एक्सरे की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
65 लाख से ऑपरेशन थिएटर और ब्लड बैंक का होगा नवीनीकरण
मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत रतनगढ़ अस्पताल में आने वाले समय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की तैयारी है।
बताया गया कि कुछ ही महीनों में 65 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च कर ऑपरेशन थिएटर सेपरेशन और ब्लड बैंक के नवीनीकरण का कार्य करवाया जाएगा। इसके लिए भामाशाहों से विचार-विमर्श जारी है।
अजीतसरिया परिवार पहले भी कर चुका है बड़ा सहयोग
रतनगढ़ के सरकारी अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए अजीतसरिया परिवार पहले भी महत्वपूर्ण सहयोग दे चुका है।
परियोजना के तहत पिछले महीने परिवार की ओर से 80 लाख रुपये की जनरल सर्जरी की अत्याधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाई गई थी। इससे पहले वर्ष 2024 में 30 लाख रुपये की ऑर्थोपेडिक विभाग की मशीनरी भी उपलब्ध करवाई गई थी।
अब तक 1.25 करोड़ की मशीनें लगवाई गईं
मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत रतनगढ़ के सरकारी अस्पताल में अब तक करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत वाली चिकित्सा मशीनें लगवाई जा चुकी हैं।
इन प्रयासों का उद्देश्य सरकारी अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाकर आमजन की आर्थिक और मानसिक परेशानी कम करना है।






