रतनगढ़। स्थानीय सेठ सूरजमल जालान राजकीय जिला चिकित्सालय में शनिवार को अत्याधुनिक डीआर सिस्टम से लैस नवीनीकृत एक्सरे रूम का उद्घाटन किया गया। नई सुविधा शुरू होने से अब अस्पताल में आने वाले मरीजों को डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिल सकेगी।

अत्याधुनिक डीआर सिस्टम का उद्घाटन भामाशाह अनोज अजीतसरिया, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सुखवीर खीचड़, डॉ. लालचंद सुथार एवं डॉ. अरविंद शर्मा ने फीता काटकर किया।

15 लाख रुपये के सहयोग से स्थापित हुआ सिस्टम

श्री गांधी बाल निकेतन की ओर से सरकारी चिकित्सालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए संचालित मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत यह सुविधा स्थापित की गई है।

नागपुर निवासी भामाशाह अनोज अजीतसरिया ने अपने पूर्वज जगदीश प्रसाद रतनलाल अजीतसरिया की पुण्य स्मृति में 15 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया। इस राशि से फुजीफिल्म कंपनी का डीआर सिस्टम स्थापित करने के साथ एक्सरे रूम का नवीनीकरण भी कराया गया।

बताया गया कि इस सिस्टम के जरिए मरीजों को करीब 10 सेकंड में डिजिटल एक्सरे उपलब्ध हो सकेगा।

हजारों मरीजों को मिलेगा फायदा

प्रोजेक्ट फाउंडर राजीव उपाध्याय ने बताया कि चिकित्सालय प्रशासन के अनुरोध पर भामाशाह के सहयोग से आधुनिक डीआर एक्सरे सेटअप स्थापित किया गया है। इससे हर महीने हजारों मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि पहले मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए अस्पताल के बाहर स्थित निजी लैब में जाना पड़ता था, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक परेशानी उठानी पड़ती थी। अब अस्पताल में ही आधुनिक एक्सरे सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को इसका लाभ मिलेगा।

डॉक्टरों ने भामाशाहों के सहयोग को सराहा

कार्यक्रम में डॉ. लालचंद सुथार ने कहा कि चिकित्सक को भगवान का दर्जा दिया गया है, लेकिन भामाशाहों की ओर से चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाना चिकित्सकों को बेहतर उपचार के लिए आवश्यक संसाधन देने जैसा है।

उन्होंने चिकित्सकों से भामाशाहों की भावना के अनुरूप आधुनिक मशीनरी का अधिकतम उपयोग कर अधिक से अधिक मरीजों को लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

डॉ. अरविंद शर्मा और डॉ. सुखवीर खीचड़ ने परियोजना के फाउंडर राजीव उपाध्याय और भामाशाहों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को आवश्यक वस्तु देना मानवता है, जबकि हजारों मरीजों को ध्यान में रखकर उन्हें बेहतर उपचार संसाधन उपलब्ध करवाना महामानवता है।

आगे 65 लाख रुपये से होंगे अन्य कार्य

राजीव उपाध्याय ने बताया कि आने वाले दिनों में 65 लाख रुपये से अधिक की राशि से ऑपरेशन थिएटर सेपरेशन और ब्लड बैंक के नवीनीकरण का कार्य करवाने की योजना है। इसके लिए भामाशाहों से चर्चा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की ओर से भामाशाह परिवार का आभार है और इस सहयोग से चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

भामाशाह परिवार का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मंचस्थ अतिथियों ने भामाशाह परिवार का सम्मान किया। अनोज अजीतसरिया और उनके सुपुत्र राघव अजीतसरिया को साफा और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

वहीं भामाशाह अनोज अजीतसरिया की धर्मपत्नी रंजना अजीतसरिया और बहू आन्या अजीतसरिया का चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

भामाशाह अनोज अजीतसरिया ने कहा कि रतनगढ़ के लोग उनके अपने लोग हैं और भगवान की कृपा से यहां के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने भविष्य में भी मानवता की सेवा के अवसर मिलने की इच्छा जताई।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...