रतनगढ़। सुजानगढ़ मार्ग स्थित एक होटल पर खाने के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद गाड़ी चढ़ाकर जानलेवा हमला और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर, लाठी और फट्टा भी जब्त किया है।
750 रुपए के बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार राजलदेसर निवासी सुरेंद्र मारू ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 14 सितंबर को वह अपने साथियों के साथ सुजानगढ़ रोड स्थित होटल पर खाना खाने गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, खाने का बिल 750 रुपए था, लेकिन होटल स्टाफ की ओर से अधिक राशि मांगे जाने पर विवाद हो गया। विवाद को टालने के लिए 900 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करने के बाद भी होटल स्टाफ और संचालक पर गाली-गलौज करने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार होटल स्टाफ ने फोन कर अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया।
कैंपर चढ़ाने और मारपीट का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ही देर में कैंपर गाड़ी में पांच-सात युवक मौके पर पहुंचे। आरोप है कि युवकों पर जान से मारने की नीयत से कैंपर चढ़ा दी गई।
इसके बाद आरोपियों ने डंडों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। आरोपियों पर स्कॉर्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ करने और सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया था।
CCTV फुटेज से हुई हमले की पुष्टि
मामले की जांच अधिकारी धर्मेंद्र ने होटल में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस के अनुसार फुटेज में हमले की पुष्टि होने के बाद मुकदमे में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रतनगढ़ वार्ड नंबर 3 निवासी तेजपाल पूनियां, शंकरलाल पूनियां, होटल पर कार्यरत राजलदेसर निवासी मुरलीधर मेघवाल और उत्तर प्रदेश निवासी संजय यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर, लाठी और फट्टा जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
