रतनगढ़: क्षेत्र के खुडेरा बीकान की रोही स्थित एक खेत में शुक्रवार को हादसा हो गया। खेत में काम कर रही 25 वर्षीय पूनम मेघवाल पत्नी केशराराम मेघवाल, निवासी बच्छरारा छोटा, पानी निकालने के लिए खेत में बने कुंड के पास गई थी।

बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे तेज प्यास लगने पर पूनम कुंड से पानी निकालने गई। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुंड में जा गिरी। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

कुंड के पास मिलीं चप्पलें

हादसे के कुछ देर बाद पड़ोस के खेत से पानी भरने पहुंचे ग्रामीण दीनदयाल भाट को कुंड के पायतन के पास केवल चप्पलें लावारिस हालत में पड़ी दिखाई दीं।

आसपास आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत खेत मालिक हीरालाल जाट और मृतका के परिजनों को सूचना दी।

ग्रामीणों की मदद से शव निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद रतनगढ़ पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद पूनम के शव को कुंड से बाहर निकलवाया। शव को राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट

मृतका के पति केशराराम ने अपने साले दलीप कुमार निवासी खिलेरिया के साथ थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दी।

रिपोर्ट में बताया गया कि वे हीरालाल जाट का खेत हिस्सेदारी पर जोत रहे थे और हादसा खेत में पानी निकालते समय पैर फिसलने के कारण हुआ।

ससुराल और पीहर पक्ष की ओर से घटना को लेकर किसी प्रकार की शंका या संदेह नहीं जताया गया।

पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की प्रक्रिया

पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...