रतनगढ़। निकाय चुनाव के मद्देनजर चल रही नाकाबंदी और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के बीच रतनगढ़ पुलिस और इलेक्शन टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बाइक सवार एक युवक को कथित रूप से एमडी की सप्लाई करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 36 जीपर थैलियों में कुल 32.24 ग्राम एमडी बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से 46 हजार 250 रुपए नकद भी मिले।
एनएच-11 पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा
यह कार्रवाई एनएच-11 पर बीरमसर चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान की गई। पुलिस टीम ने फतेहपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार युवक को रुकवाया।
पूछताछ के दौरान युवक के संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी में 36 थैलियों में एमडी बरामद होने पर उसे हिरासत में लिया गया।
32.24 ग्राम MD और 46,250 रुपए जब्त
पुलिस ने आरोपी की पहचान बीरमसर निवासी गजेंद्र सिंह उर्फ कालू राजपूत (27) के रूप में की है। उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिली 32.24 ग्राम एमडी, 46,250 रुपए नकद और बाइक को जब्त कर लिया है।
‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कार्रवाई
रतनगढ़ थाना प्रभारी संदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ‘ऑपरेशन नकेल’ चलाया जा रहा है।
वहीं, निकाय चुनाव को देखते हुए इलेक्शन टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसी के तहत नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की गई।
एमडी कहां से आई, किसे करनी थी सप्लाई?
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है कि वह एमडी कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई करने वाला था।
पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पूछताछ और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी संदीप कुमार बिश्नोई, एसआई गिरधारीलाल, हेड कॉन्स्टेबल नरेश कुमार तेतरवाल, हेड कॉन्स्टेबल प्यारेलाल, कॉन्स्टेबल विक्रम और पवन कुमार शामिल रहे।
इलेक्शन टास्क फोर्स की टीम में प्रभारी गोविंदराम बिश्नोई, एएसआई दशरथ सिंह, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार, मुकेश कुमार, विनोद कुमार और रणजीत शामिल रहे।






