रतनगढ़। क्षेत्र में हुई बारिश के बाद मेगा हाइवे पर जलभराव की समस्या से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार रात हुई 23 एमएम बारिश के करीब 17 घंटे बाद भी संगम चौराहे के पास सुजानगढ़ सड़क मार्ग पर पानी जमा रहा। यहां करीब एक से डेढ़ फीट तक पानी भरने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार संगम चौराहे के पास सड़क का लेवल एनएच-11 से काफी नीचे होने के कारण बारिश के दौरान यहां पानी जमा हो जाता है। लंबे समय तक पानी की निकासी नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मंडेलिया फार्म हाउस के पास भी जलभराव

मेगा हाइवे पर मंडेलिया फार्म हाउस के आगे भी बारिश का पानी जमा है। यहां सड़क कटोरीनुमा होने के कारण पानी एकत्रित हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव के कारण आए दिन वाहन फंस जाते हैं। ऐसे में कई वाहन चालक सड़क के किनारे खाली पड़ी जमीन से वैकल्पिक रास्ता बनाकर निकलने को मजबूर हैं।

इसके अलावा सरदारशहर बाईपास पर भी बारिश का पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

दो टोल के बीच सड़क के हालात पर सवाल

मेगा हाइवे पर रतनगढ़ तहसील क्षेत्र में पड़िहारा और मालासर के पास दो टोल स्थित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों टोल के बीच सड़क पर जलभराव की समस्या के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।

कांग्रेस नेता रामवीरसिंह राईका और भाजपा युवा नेता प्रदीपसिंह बीका ने बताया कि मेगा हाइवे पर पानी जमा होने की समस्या से टोल प्रशासन को अवगत कराया गया है। वर्तमान में जनरेटर से पंपसेट चलाकर पानी की निकासी का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हो रही है।

स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने और बारिश के दौरान पानी की प्रभावी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...