रतनगढ़। वर्ष 2023 के हत्या मामले में गवाह को गवाही बदलने के लिए धमकाने, घर के बाहर तोड़फोड़ करने और होटल के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर में आग लगाने के प्रकरण में रतनगढ़ पुलिस ने आरोपी करतार सिंह को प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड संख्या तीन निवासी राजकुमार जाट ने 31 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह वर्ष 2023 में दिलसुख जाट की हत्या के मामले में गवाह है और गवाही नहीं बदलने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
हथियारों के साथ घर के बाहर पहुंचने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार 19 जुलाई की रात आरोपी हथियारों के साथ परिवादी के परिजनों के घर के आगे पहुंचे और कथित तौर पर धमकियां दीं।
इसके बाद 30 जुलाई की मध्यरात्रि को सुजानगढ़ रोड स्थित न्यू फौजी होटल के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विशेष टीम ने शुरू की जांच
प्रकरण की जांच के लिए थानाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने पहले कार्रवाई करते हुए आरोपी करतार सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह राजपूत, निवासी जांदवा को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था।
इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। अब हत्या मामले के गवाह को धमकाने और वाहन जलाने के प्रकरण में आगे की जांच के लिए पुलिस ने करतार सिंह को प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।






